


रुड़की(आरएनएस)। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र में एक युवक पर नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर होटल ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। किशोरी को होटल से वापस छोड़ने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के लोग चौकी पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। बहादराबाद क्षेत्र निवासी युवक बुधवार सुबह क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया था। आरोप है कि होटल में युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवक जब किशोरी को उसके घर छोड़ने पहुंचा तो परिजनों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन युवक को लेकर सुल्तानपुर चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के लोग चौकी पहुंच गए। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई। सुल्तानपुर चौकी के एसआई शहजाद अली ने बताया कि दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार किशोरी के परिजनों ने फिलहाल कार्रवाई से इनकार किया है और दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात सामने आई है।

