

अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने अल्मोड़ा नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में होटल, रेस्टोरेंट, स्कूलों और अस्थायी आतिशबाजी स्थल का फायर ऑडिट किया। मुख्यालय के निर्देश और मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुकेश चतुर्वेदी ने यह अभियान चलाया। फायर ऑडिट के दौरान सोमेश्वर स्थित रूप ज्योति पब्लिक स्कूल, कंट्री वाइड पब्लिक स्कूल, कोसी स्थित जय बद्री विशाल होटल, सोमेश्वर के कामधेनू रेस्टोरेंट एंड होटल, कोसी स्थित जीना भोजनालय रेस्टोरेंट और सोमेश्वर रामलीला मैदान में बनाए गए अस्थायी आतिशबाजी स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रबंधकों और संचालकों को अग्निशमन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रबंधकों और कर्मचारियों को आग लगने की घटनाओं की रोकथाम, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। विभाग ने दीपावली के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और अग्निशमन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।





