


अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से अधूरे पड़े विकास कार्यों की जमीनी हकीकत सामने लाने के लिए कांग्रेस ने ‘ढूंढो-ढूंढो विकास ढूंढो, गांव-गांव विकास ढूंढो’ यात्रा शुरू की। श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर ग्राम सभा चनौली से शुरू हुई यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने करीब 13 वर्षों से अधूरे पड़े पुल का मुद्दा उठाते हुए सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज के नेतृत्व में शुरू हुई यात्रा में नेताओं ने कहा कि चनौली का पुल लंबे समय से अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की ओर से कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 13 साल में पुल का निर्माण पूरा नहीं हो सका तो विकास आखिर कहां है। कांग्रेस के अनुसार ‘ढूंढो-ढूंढो विकास ढूंढो’ यात्रा केवल चनौली के अधूरे पुल तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित और अधूरे पड़े विकास कार्यों की गांव-गांव जाकर जमीनी पड़ताल की जाएगी और उनकी स्थिति जनता के सामने रखी जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल, जिला पंचायत सदस्य पल्यूड़ा संतोष कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट, ग्राम प्रधान चनौली उमा वर्मा, ग्राम प्रधान लद्यूड़ा हेमा पांडे, पूर्व प्रधान गोविंद राम, उपप्रधान भावना नयाल, पूर्व प्रधान दीपा नयाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हेमा आर्या, ब्लॉक महामंत्री रंजीत नयाल, प्रकाश खाती, हिरा मेहरा, कैलाश कुमार, शिवराम, भुवन कुमार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

