
नैनीताल। नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग स्थित ढोकाने वॉटरफॉल में शनिवार को नहाने के दौरान अल्मोड़ा का एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल सुयालबाड़ी सीएचसी पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से युवक की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार एनटीडी, अल्मोड़ा निवासी मयंक तिवारी (23) पुत्र जितेंद्र तिवारी अपने साथी के साथ ढोकाने वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। दोनों पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान मयंक अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा।
युवक को डूबता देख स्थानीय निवासी नवीन जीना और उनके साथी तत्काल पानी में उतरे। काफी मशक्कत के बाद दोनों ने मयंक को पानी से बाहर निकाला। पानी से बाहर निकालने के बाद उसकी हालत चिंताजनक बताई गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल प्राथमिक स्तर पर बचाव के प्रयास शुरू किए और चिकित्सकीय सहायता के लिए उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की।
नवीन जीना मयंक को अपनी कार से तत्काल सीएचसी सुयालबाड़ी ले गए। वहां डॉ. नितिन ने उसका उपचार किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से युवक की हालत में सुधार हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।


