
रुद्रपुर(आरएनएस)। थारू भुड़िया गांव में शनिवार को एक श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव गांव के पास बाग में आम के पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। शनिवार को ग्रामीणों ने बाग में पेड़ पर शव लटका देखा तो इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उसकी पहचान 45 वर्षीय राधे पुत्र रामचंदर निवासी थारू भुड़िया गांव के रूप में की। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक मूलरूप से औरंगाबाद, लखीमपुर खीरी यूपी का निवासी था। वह करीब एक वर्ष से थारू भुड़िया गांव में अपने भाई की भूमि पर झोपड़ी बनाकर पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। मजदूरी कर वह परिवार का पालन-पोषण करता था। पुत्र किशन ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार देर शाम घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने गांव में उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शनिवार को ग्रामीणों ने बाग में उनका शव पेड़ पर लटका देखा। राधे अपने पीछे पत्नी पम्मी, पुत्र किशन और पुत्रियां छवि, कपिल और अंश को छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को औरंगाबाद, लखीमपुर खीरी ले गए। कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

