
अल्मोड़ा। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर रामजे इंटर कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग की लोकनृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में पहाड़ी जीवन, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक ने दर्शकों और निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
विजेता टीम में काव्या आर्या, बबीता जोशी, सोनाक्षी किशोर, महिमा धैला, भारती जोशी, ज्योति बिष्ट, हर्षित पांडे, राज कुमार, जगदीश कुमार, ललित मोहन, सागर अधिकारी और गायत्री तिवारी शामिल रहे।
टीम की तैयारी में विद्यालय के संगीत शिक्षक ललित प्रकाश का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत, ताल, लय और मंचीय समन्वय का प्रशिक्षण देने के साथ पूरी टीम का मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश बिष्ट ने विजेता विद्यार्थियों और संगीत शिक्षक ललित प्रकाश को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति गौरव की भावना विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देते हैं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं।


