
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय और कुमाऊं विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनावों का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। तीनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की आपसी सहमति से छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर तथा छात्र महासंघ के चुनाव एक अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया गया है।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तीनों विश्वविद्यालयों के बीच हुई सहमति के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया है। इसके तहत संबद्ध परिसरों और महाविद्यालयों में 29 सितंबर को छात्रसंघ पदाधिकारियों के लिए मतदान कराया जाएगा, जबकि एक अक्टूबर को छात्र महासंघ के चुनाव संपन्न होंगे।
उन्होंने बताया कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी परिसरों और महाविद्यालयों के लिए छात्रसंघ चुनावों के संबंध में अलग से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जा सके।



