
विकासनगर(आरएनएस)। महासू देवता मंदिर हनोल में जागरा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर समिति और तहसील प्रशासन की ओर से मेला व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो ड्रोन कैमरे, 30 सीसीटीवी कैमरे और चार बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इनकी निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से हनोल-ब्यूलाड मार्ग पर काम चल रहा है।त्यूणी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग तैयार की जा रही है। वहीं मोरी-पुरोला की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए हनोल-चातरा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर वैकल्पिक पार्किंग बनाई जा रही है। दो पहिया वाहनों के लिए फाइगस पार्क के पास पार्किंग व्यवस्था होगी। इसके अलावा त्यूणी-मोरी-पुरोला राज्य राजमार्ग पर खुनीगाड़ से सवाड़ी-क्यारी तक करीब दस किलोमीटर क्षेत्र में एकतरफा पार्किंग व्यवस्था होगी। जल संस्थान ने हनोल-चातरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में पानी की टंकियों और जलस्रोतों की सफाई शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग, जिला पंचायत और विकासखंड विभाग को अस्थायी शौचालय और साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई है।

