
अल्मोड़ा। आगामी मां नंदा देवी मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय सभागार में जिला प्रशासन, मंदिर समिति, व्यापार मंडल, नगर पालिका और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में मेले के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने अपनी ओर से सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।
एसएसपी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मां नंदा देवी मेले की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आयोजन को भव्य, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उप जिलाधिकारी संजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा भावना कैंथोला, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली योगेश चंद्र उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह, आरआई रेडियो उमाशंकर पांडे, मेला समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, जिला उपाध्यक्ष वंदना वर्मा, मंदिर समिति सचिव मनोज सनवाल, नगर अध्यक्ष रिक्खू साह, नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


