
अल्मोड़ा। ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना दन्या पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक चिकन शॉप में अवैध रूप से शराब परोसने और बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से देशी और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें व टेट्रापैक बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चापड़ बैंड, दन्या क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक चिकन शॉप में लोकेश बहादुर बोहरा उर्फ गणेश बोहरा को अवैध रूप से शराब बेचते और ग्राहकों को परोसते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 52 टेट्रापैक जूली मार्का देशी शराब, माल्टा ब्रांड की आधी बोतल देशी शराब तथा मैकडॉवेल नंबर-1 अंग्रेजी शराब की आधी बोतल बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय लोकेश बहादुर बोहरा उर्फ गणेश बोहरा, निवासी जिला बैतड़ी (नेपाल), हाल निवासी चापड़ बैंड, थाना दन्या, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यहाँ पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रीति, हेड कांस्टेबल पियूष भट्ट, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल जगत सिंह शामिल रहे।

