
चमोली (आरएनएस)। चमोली जिले में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के बीच सोमवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों के सामने अचानक दो शावकों के साथ एक भालू आ गया। भालू को देखते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और वे चिल्लाते हुए वापस घरों की ओर भाग गए। राहत की बात यह रही कि भालू ने बच्चों पर हमला नहीं किया और कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गया।
जानकारी के अनुसार नैल, गुणम और सिदेली गांवों के करीब 15 छात्र-छात्राएं सुबह राजकीय इंटर कॉलेज गोदी जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे ढोगडम तोक के पास रास्ते में अचानक एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ दिखाई दी। अचानक सामने आए भालू को देखकर बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले।
छात्र अरमान, साहिल, अजय, आरुष, प्रियांशु, अंकोल, मोहित, अरदीप, मीनाक्षी, नेहा, अरुषी, मुस्कान, अमीषा और कशिश प्रिया ने बताया कि भालू अपने दो शावकों के साथ था। बच्चों के शोर मचाने पर वह उनकी ओर आने के बजाय जंगल की दिशा में चला गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रूपचंद सैलानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों से संपर्क कर फिलहाल बच्चों को घर पर ही रहने की सलाह दी गई है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को अकेले विद्यालय नहीं भेजने का आग्रह किया गया है।
ग्रामीण देवेंद्र राणा, केदार सिंह और दर्शन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भालू की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। भय के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। जिस स्थान पर बच्चों को भालू दिखाई दिया वहां भी विशेष पेट्रोलिंग कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं।

