
रुद्रपुर(आरएनएस)। विवाहिता ने अपने ननदोई पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर ननदोई के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। एक विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी ननद और ननदोई भी ससुराल में रहते हैं। आरोप है कि ननदोई उस पर गलत नजर रखता था। विरोध करने पर सास ने उस पर ननदोई को बदनाम करने का आरोप लगाया। इसके बाद पति, सास, ससुर और ननद ने कई बार उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इससे ननदोई के हौसले बढ़ गए। विवाहिता के अनुसार, 24 नवंबर 2025 की रात उसका पति घर पर नहीं था। इसी दौरान ननदोई उसके कमरे में घुस आया और दुष्कर्म किया। उसने मायके में फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मायके चली गई। विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसके मोबाइल में आरोपियों की कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो फुटेज थी, जिसे ससुराल पक्ष के लोगों ने मोबाइल तोड़कर नष्ट कर दिया। उसने अपनी हत्या की आशंका भी जताई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

