
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में गुलदार का बढ़ता आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब गुलदार रात के बजाय दिनदहाड़े भी रिहायशी इलाकों में पहुंचने लगे हैं। शनिवार को दुगालखोला वार्ड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक गुलदार ने महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलदार अचानक आवासीय बस्ती में घुस आया और काफी देर तक इधर-उधर घूमता रहा। इसी दौरान उसने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद दुगालखोला वार्ड में लोगों में भय व्याप्त है। परिजनों ने सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों को घरों के भीतर रहने की हिदायत दी है, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग भी अकेले बाहर निकलने से बच रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नगर क्षेत्र में तीन गुलदारों को एक साथ घूमते हुए देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने, निगरानी बढ़ाने और नियमित गश्त शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

