
हरिद्वार(आरएनएस)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने सरकार पर पूंजीपतियों और बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और उनका करोड़ो रुपये का कर्जा माफ करने का आरोप लगाया। इस संदर्भ में संगठन ने तहसील, जिला स्तर पर बैठक कर किसानों को जागरूक और सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों का बिजली का बिल भी माफ नहीं करती। वहीं, बड़े पूंजीपतियों का करोड़ो रुपये का बैंक ऋण माफ कर दिया जाता है। किसानों के उपकरणों पर जीएसटी आदि टैक्स लगाकर जो पैसा वसूला जाता है उसे सरकार अपने पूंजीपति मित्रों लाभ पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि संगठन ने अपनी मांगों के लिए पिछले दिनों तीन दिन जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। इससे पूर्व बहादराबाद टोल प्लाजा के पास किसानों पर लाठीचार्ज किया गया था। किसान अपना ऋण माफी की बात करे तो उसे लाठियां मारी जाती हैं। इस तरह की नीतियों का किसान सदैव विरोध करेगा।
उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के निर्देश पर गांव-गांव में बैठक की जाएगी, जिसमें किसानों के ऋण माफी, ट्यूबवेल की मुफ्त बिजली, स्मार्ट मीटर के विरोध आदि पर चर्चा होगी।

