
रुड़की(आरएनएस)। प्रीत विहार में अंबेडकर भवन के पास रखे ट्रांसफार्मर के सेफगार्ड में रविवार को अचानक करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से एक कुत्ते की मौत हो गई। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद देर शाम तक ऊर्जा निगम का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। प्रीत विहार में अंबेडकर भवन के पास से एक नाला गुजर रहा है। नाले के किनारे ही ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के लिए सेफगार्ड लगाया गया है, लेकिन इसके आसपास तारों का जाल फैला हुआ है। रविवार सुबह भी सेफगार्ड में करंट दौड़ गया। इसका पता उस समय चला जब एक कुत्ता सेफगार्ड के संपर्क में आ गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। कुत्ते को काफी देर तक तड़पता देख लोग सहम गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर भीड़ जुटने से रोकते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। स्थानीय निवासी राधेश्याम, योगराज, मोहित कुमार, सुबोध मलिक, मोहन आदि का आरोप है कि हादसे की सूचना ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को दोपहर करीब 11 बजे ही दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक कोई कर्मचारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा। लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ट्रांसफार्मर के सेफगार्ड में करंट आया हो। पिछले महीने भी दो-तीन बार ऐसी घटना हो चुकी है। कुछ समय पहले करंट की चपेट में आने से एक मवेशी भी घायल हो गया था। तब भी ऊर्जा निगम से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।स्थानीय लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर के आसपास फैले तारों को व्यवस्थित कराने और सेफगार्ड में करंट उतरने की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। मामले में ऊर्जा निगम के एसडीओ आकाश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी ली जाएगी।

