
हरिद्वार(आरएनएस)। विभिन्न मांगों को लेकर चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं के कर्मचारियों ने बुधवार को हरिद्वार सहित प्रदेशभर में काली फीती बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार से लैब सहायक, डार्क रूम सहायक, ओटी सहायक, पुस्तकालय सहायक और ड्रेसर के पदों पर पदोन्नति देने के साथ ही पौष्टिक आहार भत्ता और धुलाई भत्ता बढ़ाने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है, जो कभी भी उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और महामंत्री सुनील अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से कई बार अपनी मांगों के समाधान की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने कहा कि सरकार यदि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लैब सहायक, डार्क रूम सहायक, ओटी सहायक, पुस्तकालय सहायक और ड्रेसर के पदों पर पदोन्नति का तोहफा देती है तो प्रदेश के करीब 200 से 225 कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए यह बड़ी सौगात होगी। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी हाईस्कूल से कम शिक्षित हैं, उन्हें भी मरीजों के संपर्क में रहने के कारण पौष्टिक आहार भत्ता दिया जाना चाहिए। नर्सिंग अधिकारी संवर्ग की तरह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी यह सुविधा देने की मांग की गई। इसके साथ ही धुलाई भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश पंत, उपाध्यक्ष नेल्सन अरोड़ा, प्रदेश संगठन सचिव छत्रपाल सिंह और दिनेश गुसाईं ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रदर्शन में दिनेश लखेड़ा, छत्रपाल सिंह, राजेंद्र तेश्वर, राकेश भंवर, मूलचंद चौधरी, नाथी राम, ताजबर सिंह, मनीष पंवार, अनिल कुमार, पप्पू, प्रबल सिंह, कल्लू, नीलम, ईशा, डोली, बाला और बृजेश समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
