
हरिद्वार(आरएनएस)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बीती छह अगस्त को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को पथरी पावर हाउस से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। आरोपी को न्यायाल में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार बीती छह अगस्त को किशोरी के पिता ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत पत्र देकर बताया कि एक युवक किशोरी को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया।इसके बाद नशीला पदार्थ पिला कर बीएचईएल क्षेत्र की झाड़ियों में दुषकर्म किया। किशोरी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट में घायल किशोरी को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट में किशोरी के सिर और जबड़े में चोट लगी। शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि वह सिडकुल क्षेत्र की फैक्ट्रियों में मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर किशोरी के बयान दर्ज कराए गए थे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। बताया कि सीसीटीवी कैमरों का अध्ययन और काफी प्रयासों के बाद पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल निवासी ग्राम मिलक जंहागीराबाद थाना धामपुर बिजनौर, हाल निवासी ब्रह्मपुरी थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
