
हरिद्वार(आरएनएस)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मजदूरों को नशे की दवाएं बेचने पहुंचे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नआरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल युक्त 55 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 40 टैबलेट बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना किसी वैध औषधि अनुज्ञप्ति और बिल के नशीली दवाओं को बेच रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को चेतक पर तैनात कांस्टेबल दिनेश कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि राजलोक कॉलोनी के पास रुकमणी गार्डन में काम करने वाले मजदूरों को एक आरोपी नशे की गोलियां बेचने आने वाला है। सूचना पर उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संदिग्ध आरोपी की प्रतीक्षा करने लगे। इसी दौरान एक युवक सीफील्ड स्कूल की तरफ से पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।तलाशी में युवक की पैंट की जेब से दवाओं के पत्ते मिले।मौके पर औषधि निरीक्षक हरीश सिंह को बुलाया गया। जांच में 55 कैप्सूल ट्रामाडोल युक्त मिले। साथ ही बरामद 40 टैबलेट को अल्प्राजोलम युक्त पाया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद सैफ अली पुत्र नफीस 25 वर्ष निवासी सराय ज्वालापुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन दवाओं की खरीद और बिक्री के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मजदूरों को नशीली दवाई बेचने आया था। बताया कि वह खुद भी कैप्सूल का सेवन करता है और इन्हें बेचकर अपने और परिवार का खर्च चलाता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद दवाओं को सील कर दिया। एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में दवाओं की आपूर्ति के स्रोत की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।
