
अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में करीब ढाई माह से रिक्त चल रहे फिजिशियन के पद पर चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। इससे लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी से परेशान मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर कांग्रेस महामंत्री वैभव पांडे ने फिजिशियन की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में पद रिक्त होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस लगातार सरकार और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष इस मुद्दे को उठाते हुए तत्काल नियुक्ति की मांग कर रही थी। वैभव पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं होने पर कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। उनके अनुसार, लगातार दबाव और आंदोलन की चेतावनी के बाद सरकार ने चिकित्सक की तैनाती की है। उन्होंने कहा कि फिजिशियन की कमी के कारण गंभीर और सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए बाहर जाना पड़ रहा था। अब चिकित्सक की उपलब्धता से मरीजों को जिला स्तर पर उपचार मिलने में सुविधा होगी। वैभव पांडे ने सरकार से जिला चिकित्सालय में रिक्त अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भी जल्द भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहाड़ के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों में रेफर होने से बचाने के लिए जिला स्तर पर पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। अन्य रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति नहीं होने पर कांग्रेस ने दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी है।


