
अल्मोड़ा। माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज़ में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत आयोजित सात दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। सप्ताहभर विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों तथा समाज को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम ‘जीवन की सशक्त शुरुआत के लिए स्तनपान : प्रभावी प्रयासों को और मजबूत बनाएं’ रही। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, पोस्टर, स्लोगन लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर आयोजित विशेष संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने शिशु और मातृ स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन ठाकुर संदीप सिंह, वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति पाल, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

