
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में नकली नोट खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। कांवड़ियों के भेष में आए कुछ युवकों पर एक व्यापारी को जाली नोट देकर भुगतान करने का आरोप है। शक होने पर व्यापारी ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की हरकी पैड़ी चौकी अंतर्गत काली मंदिर के पास की है। बताया गया कि लेनदेन के दौरान व्यापारी को नोटों पर संदेह हुआ। उसने आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन वे मौके से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से करीब 30 हजार रुपये के जाली नोटों के अलावा मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी बरामद हुए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सामान्य डायरी में दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि काली मंदिर क्षेत्र से बरामद जाली नोटों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
