
रुद्रपुर(आरएनएस)। प्रतापपुर नंबर सात गांव में परवीन नाले के समीप खेल रहे 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया। ग्राम प्रधान गुरसेवक सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 12 वर्षीय जसवंत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र कमलजीत सिंह अपने दो दोस्तों के साथ परवीन नाले के पास खेल रहा था। इसी दौरान तीनों बच्चे अचानक नाले में गिरकर बहने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास में मछली पकड़ रहे एक ग्रामीण ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि हैप्पी तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत के नेतृत्व में एसडीआरएफ, नानकमत्ता पुलिस, जल पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। देर रात हैप्पी का शव बरामद कर लिया गया। हैप्पी कक्षा छह का छात्र था और चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता कमलजीत सिंह टेम्पो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
