
हरिद्वार(आरएनएस)। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में जून माह की अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। इस दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, रिकवरी बढ़ाने, नशा तस्करी, वाहन चोरी और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और बेहतर समन्वय से काम करने के भी निर्देश दिए गए। गोष्ठी में एसएसपी ने पिछले माह जिले में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी। साथ ही कुछ थाना प्रभारियों को प्रदर्शन में सुधार लाने की हिदायत दी। गोष्ठी में आगामी कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए गतिमान तैयारियों पर चर्चा हुई। इस दौरान एसएसपी ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साथ ही कांवड़ मेले के बेहतर आयोजन के लिए सुझाव मांगे। कांवड़ मेले के लिए खरीदी गई सामग्री, टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत की जा रही कार्रवाई की भी सराहना की गई। एसएसपी ने बताया कि कांवड़ मेला हरिद्वार सहित प्रदेश पुलिस के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कांवड़ मेले को सफल और सुरक्षित संपन्न कराएंगे।
