
रुद्रपुर(आरएनएस)। शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र के अरविंद नगर रतनफार्म में मंगलवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। अरविंद नगर निवासी आनंद अधिकारी की 18 वर्षीय पुत्री नेहा अधिकारी ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम पर चले गए थे और नेहा घर पर अकेली थी। इसी दौरान पास में रहने वाली उसकी ताई लक्ष्मी अधिकारी ने रसोईघर की ओर देखा तो नेहा छत की लकड़ी से चुनरी के सहारे लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारकर उप जिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता राजमिस्त्री हैं, जबकि माता कौशल्या अधिकारी खेतों में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उसका बड़ा भाई अमित अधिकारी रुद्रपुर की एक निजी कंपनी में मशीन ऑपरेटर है और दूसरा भाई रोहित अधिकारी सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। युवती ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
