
कोटद्वार(आरएनएस)। नगर निगम के वार्ड-9 काशीरामपुर (पश्चिम) स्थित नजीबाबाद रोड पर घनी आबादी और आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग तेज हो गई है। वरिष्ठ नागरिक संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जनहित में लाइन को जल्द शिफ्ट कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि हाईटेंशन लाइन रमेश नगर, चमोली गली, कंडारी कॉलोनी, भवानी एन्क्लेव, जानकी नगर, बड़थ्वाल कॉलोनी, उमेश नगर, सजवाण कॉलोनी, भोलादत्त विहार, सूर्यानगर, शिवालिक नगर, डिफेंस कॉलोनी, न्यू प्रतापनगर, प्रताप नगर, देवी नगर और सैनिक कॉलोनी समेत करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे घनी आबादी वाले क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही है। संगठन का कहना है कि कई बार हाईटेंशन लाइन के कारण घरों में लगे टीवी, फ्रिज, एसी और अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और आग लगने की घटनाएं भी सामने आई है। वरिष्ठ नागरिक संगठन ने बताया कि मुख्यमंत्री की वर्ष 2021 की ऊर्जा विभाग से संबंधित घोषणा के अनुसार आवासीय भवनों के ऊपर से गुजरने वाली 11 केवी और 33 केवी हाईटेंशन लाइनों को शिफ्ट किया जाना है लेकिन अब तक इस दिशा में कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने शीघ्र कार्रवाई कर प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की है। ज्ञापन संगठन के अध्यक्ष कैप्टन पीएल खंतवाल (रि.), महासचिव रिपुदमन सिंह बिष्ट और कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार अग्रवाल द्वारा भेजा गया है।
