
हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को चंडी देवी मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लेने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर और पैदल मार्ग की व्यवस्थाएं परखते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों से कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों, प्रवेश और निकास मार्ग के साथ आसपास के क्षेत्रों की स्थिति देखी।सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए संबंधित विभागों को नियमित सफाई कराने और कूड़ा समय पर उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पूरे परिसर में साफ-सफाई हर हाल में बनी रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस और संबंधित विभागों को पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें पूरी तरह चालू रखने तथा सुरक्षा उपकरणों को दुरुस्त रखने को कहा। संबंधित विभागों को मंदिर परिसर और मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी अतिक्रमण मिले, उसे तत्काल हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
