
देहरादून(आरएनएस)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शनिवार को जीएमएस रोड स्थित व्योमप्रस्थ कॉलोनी और धारकोट रोड, कंडोगल में दो निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने samast सेक्टरों के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रवर्तन टीम ने व्योमप्रस्थ कॉलोनी में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे बहुमंजिला निर्माण पर कार्रवाई की, जबकि कंडोगल में बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे व्यवसायिक निर्माण को सील कर दिया। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और अनाधिकृत प्लॉटिंग पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड की खरीद या निर्माण शुरू करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मास्टर प्लान को लेकर दिए सुझाव मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 के तहत शनिवार को दसवें दिन उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण कार्यालय, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स, तहसील चौक में जनसुनवाई आयोजित की गई। शिविर में लोगों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और भू-स्वामियों ने भूमि उपयोग, यातायात, पार्किंग, आधारभूत सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुझाव दिए और आपत्तियां दर्ज कराईं। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जनभागीदारी से महायोजना अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनेगी। इस दौरान सचिव मोहन सिंह बर्निया आदि मौजूद रहे।

