
नैनीताल(आरएनएस)। भाजपा पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ नैनीताल के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने उत्तराखंड सरकार से भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग की है। कहा कि ब्रिटिश काल से आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। सेमवाल ने कहा कि हरेला मेले का स्थानीय लोगों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। मेले के दौरान उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु भीमताल पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि हरेला मेले से स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों और छोटे कारोबारियों को रोजगार और व्यापार के बेहतर अवसर मिलते हैं। यदि मेले को राजकीय मेले का दर्जा मिलता है तो इसकी भव्यता और पहचान में और वृद्धि होगी तथा भीमताल को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। अखिलेश सेमवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भीमताल के इस ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड की लोक परंपराओं के संरक्षण के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
