
रुद्रपुर(आरएनएस)। विधायक तिलकराज बेहड़ ने देहरादून में माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर किच्छा क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री ने सभी प्रस्तावित विद्यालयों के उच्चीकरण पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। मंगलवार को हुई मुलाकात में बेहड़ ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, सिरौली, रामेश्वरपुर, गिद्धपुरी, किच्छा, खमरिया और छिनकी को हाईस्कूल तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बब्बरपुर, तुर्कागौरी, रामनगर, पंतपुरा, नगला और भंगा के साथ ही राजकीय उच्च विद्यालय किच्छा को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर को उच्च प्राथमिक विद्यालय बनाने का भी अनुरोध किया। बेहड़ ने बताया कि उन्होंने दो मई 2023 को भी इस संबंध में पत्र भेजा था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले 20 वर्षों से किसी भी राजकीय विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हुआ है, जबकि आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके कारण हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को हर वर्ष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के उच्चीकरण से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा की सुविधा मिलेगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए सभी विद्यालयों के उच्चीकरण का आश्वासन दिया।
