
रुद्रपुर(आरएनएस)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण सत्र 2026-27 के लिए विशेष स्थानांतरण कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत शिक्षकों और अन्य कार्मिकों के अनुरोध आधारित स्थानांतरण के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 जुलाई से शुरू होगी, जबकि 15 जुलाई तक विभिन्न स्तरों की स्थानांतरण समितियों का गठन कर रिक्त पदों की सूची विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम-2017 के प्रावधानों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कराई जाए। विभागीय आवश्यकता को देखते हुए शासन ने इस वर्ष स्थानांतरण सत्र के लिए 55 दिनों का अतिरिक्त समय भी उपलब्ध कराया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि 17 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों और अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों का विवरण 10 अगस्त तक विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। इसके बाद 15 अगस्त से विभागीय, मंडलीय और जनपदीय स्थानांतरण समितियों की बैठकें आयोजित कर पात्र आवेदनों पर विचार किया जाएगा और सक्षम प्राधिकारी को संस्तुतियां भेजी जाएंगी। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार स्थानांतरण आदेश जारी करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है, जबकि सभी आदेश 27 अगस्त तक विभागीय वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिए जाएंगे। विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के दो दिन के भीतर संबंधित कार्मिकों को कार्यमुक्त कर नई तैनाती स्थल के लिए भेजा जाए, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों की व्यवस्था समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित हो सके।
