
रुद्रपुर(आरएनएस)। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी भूमि पर कथित अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि संबंधित भूमि पर बिना आवश्यक अनुमति के बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना था कि मौके पर मौजूद लोगों से निर्माण की स्वीकृति और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान सरकारी बिजली के खंभों को भी बाउंड्रीवॉल के भीतर शामिल कर लिया गया है।इससे सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्ति पर अतिक्रमण की आशंका जताई गई। उन्होंने प्रशासन से पूरे क्षेत्र का सीमांकन कराकर निर्माण की जांच कराने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि समय रहते निर्माण कार्य नहीं रोका गया और भूमि के स्वामित्व, राजस्व अभिलेखों और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से संबंधित अनुमतियों की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
