
काशीपुर(आरएनएस)। पुलिस कर्मियों पर युवकों के साथ कथित रूप से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए जसपुर विधायक ने दर्जनों लोगों के साथ कुंडा कोतवाली प्रभारी का घेराव किया। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की। विधायक ने इस मामले में कुमाऊं महानिरीक्षक से भी वार्ता की। बाद में आरोपी पुलिस कर्मियों के खेद जताने पर मामला शांत हो गया। बुधवार को जसपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने कुंडा थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार का घेराव किया। उनका आरोप था कि सोमवार की रात कुंडा गांव के कुछ युवा मुर्गी फार्म से मैली लाने के लिए घर से निकले थे।रोड पर एक दुकान पर चाय पीने के लिए खड़े हुए थे। इसी दौरान वहां सरकारी गाड़ी से आए पुलिस कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता की। आरोपी पुलिस कर्मियों के खेद व्यक्त करने पर मामले का पटाक्षेप हो गया। यहां पूर्व प्रमुख रवि कुमार, जिपं सदस्य मौ. असद, सरफराज हुसैन, शेर अली, सलाम आदि मौजूद रहे।
