
रुद्रपुर(आरएनएस)। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बुधवार सुबह और मंगलवार देर रात नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत क्षेत्र में सभी वर्गों और समाज के लोगों के लिए विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वार्ड नंबर चार में आयोजित बैठक में राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद और पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी के बहकावे में न आने की अपील की।पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कब्रिस्तान रोड के निर्माण के लिए करीब 14 लाख रुपये का टेंडर हो चुका है और जल्द कार्य शुरू होगा। वहीं, नमाजगाह के लिंटर निर्माण के लिए लगभग 36.50 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कराया गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान सभासद रेहान अंसारी, स्माइल अंसारी, शाने आलम और इश्तियाक अंसारी मौजूद रहे। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने सिद्ध गर्व्यांग गांव में निर्माणाधीन श्री हेमवती नंदन बहुगुणा बैडमिंटन हॉल का निरीक्षण किया। आयोजित सभा में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। युवाओं ने बैडमिंटन हॉल निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट जल्द तैयार होगा, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा। इस दौरान उन्होंने गांव के वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और आशीर्वाद लिया।वहीं, शक्तिफार्म क्षेत्र के ग्राम बसगर में दुग्ध संघ की अध्यक्ष प्रभा रावत और ऊधमसिंह नगर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र रावत के आवास पर पहुंचकर कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने लोगों से संवाद किया। ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग पर मंत्री ने जल्द कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा कल्याणपुर में भारतीय सेना से 32 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन सुरेंद्र सिंह कार्की को अभिनंदन समारोह में सम्मानित किया।
