
हरिद्वार(आरएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संकलन और डिजिटलीकरण का कार्य पूरी गंभीरता और तत्परता से कराया जाए। सभी एईआरओ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा स्वयं भी क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए प्रत्येक आवेदन और अभिलेख का गहन परीक्षण एवं सत्यापन किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शिवालिक नगर तारिक खान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
