
अल्मोड़ा। बुधवार को विकास भवन सभागार में महालेखाकार उत्तराखंड के तत्वावधान में जनपद के सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा वित्त अधिकारियों के लिए एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शासकीय विभागों में वित्तीय अनुशासन को मजबूत करना और वित्तीय नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करना रहा। कार्यशाला में सचिव उत्तराखंड शासन डॉ. पंकज कुमार पांडे, महालेखाकार उत्तराखंड परवेज आलम, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। महालेखाकार परवेज आलम ने कहा कि विभागों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखना और वित्तीय नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डीडीओ को बजट आवंटन, व्यय नियंत्रण, लेखा मिलान तथा ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा बताए गए नियमों और प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी अधिकारी नियमित रूप से वित्तीय कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें। कार्यशाला में महालेखाकार कार्यालय के विशेषज्ञों ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वित्तीय नियमों की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया और उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर उप महालेखाकार एस.जी. ममगई, नोडल अधिकारी सुनील निगम, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी मौजूद रहे।

