
विकासनगर(आरएनएस)। बीते रविवार सुबह योग शिविर से घर लौटते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल नगर पालिका सभासद सुमन काशव की देहरादून के अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। उनकी मौत से नगर पालिका प्रशासन समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।नगर पालिका के वार्ड छह की सभासद सुमन काशव रविवार सुबह नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित योग शिविर में भाग लेने पहुंची थी। शिविर के समापन के बाद सभासद स्कूटर से बाबूगढ़ स्थित अपने घर जा रही थी। मंडी चौक के पास एनएच पर पड़े एक गड्ढे में स्कूटर अनियंत्रित हो गया है, जिससे सभासद नीचे गिर गई और उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वो गंभीर तौर पर घायल हो गई। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। परिजन घायल सभासद को लेकर महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर की सर्जरी की, लेकिन दुर्घटना के बाद से उन्हें होश नहीं आया था। उपचार के दौरान मंगलवार को सभासद ने दम तोड़ दिया। मृतक सभासद के परिवार में उनके पति रमेश चंद्र, एक बेटी और एक बेटा हैं। सभासद की मौत पर नगर पालिकाध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, अंकित जोशी, लवलेश शर्मा, सुमन लता, गंगा गरुंग, पूजा राणा, सबल सहरावत, सोनिया वर्मा, भारत कालरा, पूनम तोमर, विधायक मुन्ना चौहान, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर, पूर्व प्रमुख जसविंदर सिंह, हिमजन सभा अध्यक्ष मधु ठाकुर, बलदेव राणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू, पूर्व सभासद शम्मी प्रकाश, राजू बिंजोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम गर्ग हरबर्टपुर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी, सभासद विनोद कश्यप, मेघश्याम शर्मा, पूर्व सभासद विपुल अग्रवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री हरीश अरोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष नीरज ठाकुर, पछुवादून गढ़वाल सभा अध्यक्ष रोशन नेगी, सचिव लक्ष्मी कोठियाल, अजय जुयाल, जयंती पटवाल समेत सामाजिक संगठनो से जुड़े लोगों ने गहरा शोक प्रकट किया है।
