
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम, पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों के साथ समन्वय बढ़ाने, बीट बुक अद्यतन रखने तथा आमजन से संवाद मजबूत करने के निर्देश दिए। आपदा सीजन को देखते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में युवाओं के समूह गठित कर राहत एवं बचाव कार्यों में जनसहयोग लेने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए। पर्यटन सीजन के मद्देनजर ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, बिना नंबर प्लेट, नाबालिग चालकों और रेट्रो साइलेंसर का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, साइबर जागरूकता अभियान चलाने तथा एमआरएम पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशील कार्रवाई, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, जीरो एफआईआर और ई-जीरो एफआईआर के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। साथ ही सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की बरामदगी और साइबर ठगी के मामलों में धनराशि होल्ड कराने के निर्देश दिए गए। थाना देघाट में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट को 54.45 किलोग्राम अवैध गांजा बरामदगी और दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी में सराहनीय योगदान के लिए मई 2026 का “एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ” चुना गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

