
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि अभिरक्षक शत्रु संपत्ति, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ई-नीलामी कार्यक्रम (08/2026) के अंतर्गत नगर पालिका खत्याड़ी, तहसील सदर स्थित शत्रु संपत्तियों को ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक बोली प्रक्रिया के माध्यम से विक्रय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संपत्तियों की नीलामी ‘जैसा है जहां है’, ‘जैसा है जो है’ तथा ‘जो कुछ है’ के आधार पर एमएसटीसी पोर्टल पर की जाएगी। ई-नीलामी 3 जुलाई को प्रातः 11 बजे से शुरू होकर सायं 4 बजे तक आयोजित होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए शिविरों के आयोजन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय, लखनऊ की ओर से पर्यवेक्षक प्रशांत सैनी को अधिकृत किया गया है। उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत, सभी उपजिलाधिकारियों तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ई-नीलामी के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए आवश्यकतानुसार शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिकाधिक इच्छुक व्यक्ति नीलामी प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकें।

