
हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल क्षेत्र में आयरिश पुल के निकट मैदान में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार सात जून को आयरिश पुल के पास मैदान में करीब 20 से 25 वर्ष आयु के एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। 20 जून को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत हत्या के कारण होना सामने आया। जांच में उसके पेट पर किसी नुकीले हथियार से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्ध और नशे के आदी युवक क्षेत्र में घूमते दिखाई दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि नशा करने के दौरान हुए किसी विवाद में युवक की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले के जल्द खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं।
