
रुद्रपुर(आरएनएस)। हरियाणा के करनाल में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में उत्तराखंड पुलिस के एसआई मुकेश पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर प्रदेश और पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। 22 से 27 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न राज्य पुलिस इकाइयों और केंद्रीय पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच एसआई मुकेश पाल ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय देते हुए रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने कुल 700 किलोग्राम वजन उठाया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। बुधवार को एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति, एसपी क्राइम जितेंद्र चौहान और एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि मुकेश पाल की उपलब्धि विभाग के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे पुलिस बल में खेलों के प्रति उत्साह को बढ़ावा मिलेगा।
