
हरिद्वार(आरएनएस)। सिडकुल हाईवे स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच मनाई गई। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में मंदिरों, कुओं, बावड़ियों, सड़कों और धर्मशालाओं का निर्माण कर लोककल्याण और समाज सेवा की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी प्रेरणास्रोत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए किए गए उनके असाधारण कार्यों के कारण ही उन्हें ‘लोकमाता’ का सम्मान प्राप्त हुआ, जो किसी अन्य राजमाता को नहीं मिला। हरीश रावत ने अहिल्याबाई होल्कर को महान समाज सुधारक, दूरदर्शी शासक और जनजागरण की प्रतीक बताते हुए धनगर समाज को जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकमाता की जयंती केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक समरसता और महिला सम्मान का प्रतीक है।
