


रुड़की(आरएनएस)। रुड़की के साकेत कॉलोनी निवासी विधवा अनुराधा की शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने फर्जी चेक के जरिए पांच लाख रुपये की मांग करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में उनकी दुकान हर्ष तोमर निवासी बुड़पुर चौहान, थाना झबरेड़ा ने नौ अक्टूबर 2020 को 14 हजार रुपये मासिक किराये पर 11 महीने के लिए ली थी। एक महीने का किराया देने के बाद उसने भुगतान बंद कर दिया और मई 2021 में सामान निकालकर दुकान पर ताला लगा दिया।
दुकान के किराये को लेकर विवाद
महिला के अनुसार, 28 अगस्त 2021 को उन्होंने नौ महीने का बकाया किराया एक लाख 26 हजार रुपये मांगा। आरोप है कि एक सितंबर को हर्ष दो अन्य लोगों के साथ पहुंचा और चाबी लौटाने के बदले दो लाख रुपये मांगे। विरोध पर उसने चाबी लौटाई और महिला व उनके बेटे को जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
महिला ने बताया कि आरोपी का पूर्व प्रार्थना पत्र 11 नवंबर 2021 को निरस्त हो गया था। 30 मई 2023 को मिले कानूनी नोटिस में आठ लाख रुपये की मांग और पांच लाख रुपये देने का उल्लेख था। महिला ने चेक और बैंक खाता अपना नहीं होने तथा हस्ताक्षर फर्जी होने का आरोप लगाते हुए हर्ष तोमर, सुभाष कुमार, ऋषिपाल और तेजपाल पर साजिश रचने का आरोप लगाया। मंगलौर कोतवाली और एसएसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया। इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है।



