
बागेश्वर(आरएनएस)। जनपद बागेश्वर की नव नियुक्त जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने शुक्रवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने बागनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपद की सुख-समृद्धि तथा विकास की कामना की।
इसके बाद वह कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। स्वागत के उपरांत उन्होंने जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण कर प्रशासनिक दायित्व संभाल लिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जनपद में संचालित विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद जनपद में विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी जनकेंद्रित कार्यशैली के प्रति विश्वास व्यक्त किया।

