
अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में पर्यटन सीजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने सराहना की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व तथा जागेश्वर चौकी प्रभारी कमित जोशी एवं पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा रहा है। बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए जागेश्वर धाम क्षेत्र में शटल सेवा का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पार्किंग, शटल सेवा तथा यातायात व्यवस्था संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए मार्गदर्शन भी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो। जागेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने अल्मोड़ा पुलिस की सहयोगात्मक कार्यशैली, अनुशासित व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे सुगम दर्शन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बताया।

