
रुद्रपुर(आरएनएस)। शांतिपुरी गेहूं क्रय केंद्र पर अपनी फसल बेच चुके किसानों ने मंगलवार को गेहूं और गन्ने के भुगतान में हो रही देरी के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान नेता डॉ. गणेश उपाध्याय और अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार ने गेहूं खरीद शुरू होने से पहले 24 से 72 घंटे के भीतर भुगतान देने का वादा किया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी अधिकांश किसानों को उनकी फसल का पूरा भुगतान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान न मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में 22 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी और निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद क्रय केंद्र बंद भी हो गया, लेकिन अब तक किसानों के खातों में भुगतान धनराशि नहीं पहुंची है। वहीं गन्ना किसानों का भी करीब 20 करोड़ रुपये का भुगतान किच्छा चीनी मिल पर लंबित बताया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन में किसान जीवन चंद्र पाठक, राज किरण तिवारी, भोला दत्त पांडे, खीम सिंह मेहता, नेत्र सिंह, दिलीप सिंह, भगवत सिंह, महिपाल सिंह बोरा, नारायण सिंह कोरंगा, मोहन सिंह कोरंगा, प्रभु दत्त जोशी, नंदन सिंह बिष्ट, हरीश सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद प्रजापति, नरेश सिंह मेहता, मनोहर जोशी, गणेश बिष्ट, राम सिंह कोरंगा, गोविंद सिंह मेहता, विनोद तिवारी, छेदा लाल, तारा सिंह मेहता और गिरीश सिंह मेहता सहित कई किसान मौजूद रहे। वहीं यूसीएफ के जिला प्रभारी संजीव आर्य ने बताया कि शांतिपुरी केंद्र की कुछ पेमेंट जारी कर दी गई हैं तथा शेष किसानों का भुगतान भी अगले दो से चार दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।

