
हरिद्वार(आरएनएस)। भारतीय रेलवे द्वारा टीबडी चौराहे और विवेक विहार कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध के चलते रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्रवाई बीच में रोकनी पड़ी। हालात तनावपूर्ण होने पर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। लोगों को 10 दिन का समय देते हुए अभियान स्थगित कर दिया गया। गुरुवार को सुबह रेलवे अधिकारी और कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ टीबडी चौराहे के पास अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी मौके पर बुला लिया। इस दौरान विवेक भूषण विक्की, अमन गर्ग, कैश खुराना, पारितोष त्यागी, विवेक जकारिया और हिमांशु बहुगुणा भी मौके पर पहुंच गए। विरोध बढ़ने पर रेलवे टीम को पहली बार जेसीबी लेकर वापस लौटना पड़ा। हालांकि दोपहर करीब दो बजे अधिकारी दोबारा मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन स्थानीय लोगों ने फिर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब महिलाएं और बच्चे जेसीबी मशीन के आगे खड़े हो गए। रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित करते हुए लोगों को 10 दिन का समय दिया है।

