
ऋषिकेश(आरएनएस)। एम्स ऋषिकेश में नए श्रम संहिताओं पर नियोक्ता अनुपालन हेतु आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें केन्द्र सरकार के क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने नियोक्ता की जिम्मेदारियों और नए श्रम कानूनों के बारे मे विस्तार से जानकारी दी। बुधवार को एम्स ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रमायुक्त देहरादून दिनेश कुमार ने केन्द्र सरकार द्वारा शुरू किए गए श्रम सुधारों के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने नई श्रम संहिताओं के विभिन्न पहलुओं और संस्थागत प्रशासन, श्रम अनुपालन, संविदात्मक जुड़ाव, कल्याणकारी प्रावधानों और नियोक्ता की जिम्मेदारियों पर उनके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नई श्रम संहिताओं के विभिन्न पहलुओं का अनुपालन, पारदर्शिता, श्रमिक कल्याण, व्यापार करने में सुगमता तथा नए विधायी ढांचे के पालन के महत्व को बताया। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन, सामाजिक सुरक्षा, व्यावसायिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंधों और शिकायत निवारण तंत्र से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। मौके पर कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह, संस्थान के उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल गोपाल मेहरा, वित्त अधिकारी चांदराम, लेखा अधिकारी राजेंद्र कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मुकेश पाल, विधि अधिकारी प्रदीप चंद्र पांडे, डीएमएस डॉ. रवि कुमार, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी अनिल चंद्र सिंह, डॉ. पूजा भदौरिया, कार्यवाहक प्रशासनिक अधिकारी सुभाष कुमार आदि उपस्थित रहे।

