
हरिद्वार(आरएनएस)। बहादराबाद पुलिस ने नहर पटरी क्षेत्र में जांच के दौरान युवक को 11.84 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक डिजिटल तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने बरेली से स्मैक खरीदकर हरिद्वार में बेचने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बुधवार को केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तेजनाला नहर पटरी के पास एक युवक पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। इस दौरान युवक ने जेब से एक पन्नी फेंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी में पन्नी के भीतर भूरे रंग का नशीला पदार्थ मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनीत चौधरी पुत्र सतीश निवासी खानपुर जनपद हरिद्वार बताया। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ स्मैक निकला। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पहले मसूरी में होटल लाइन का काम करता था। लीज खत्म होने के बाद घर लौट आया और पैसों के लालच में स्मैक बेचने लगा। आरोपी ने बताया कि वह बरेली के नबी से 30 ग्राम स्मैक खरीदकर लाया था, जिसमें से कुछ बेच चुका था और बाकी बेचने की फिराक में था। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।

