

कोटद्वार। पौड़ी हाईवे पर गुमखाल बाजार के पास काफल तोड़ने के दौरान एक डंपर चालक गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार द्वारीखाल ब्लॉक के डाबर गांव निवासी 55 वर्षीय रोशन सिंह बिष्ट हाईवे चौड़ीकरण कार्य में डंपर चालक के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार दोपहर वह डंपिंग जोन में मलबा डालकर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सौभान स्थली के पास एक मोड़ पर डंपर खड़ा किया और सड़क किनारे स्थित काफल के पेड़ की ओर चले गए।
बताया जा रहा है कि काफल तोड़ने के दौरान पेड़ की टहनी टूटने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर लैंसडौन कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।
एसआई प्रवेश कुमार ने बताया कि चालक के खाई में गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

