
अल्मोड़ा। जनपद में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किए गए। अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण और गौवंश के प्रति समाज में सम्मान की भावना को मजबूत करना बताया गया। जनपद मुख्यालय में गौ सेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां बनाई जानी चाहिए। ज्ञापन में गोशालाओं की स्थिति सुधारने, बेसहारा गोवंश के लिए उचित व्यवस्था करने और किसानों को सहयोग प्रदान करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि इन मुद्दों पर ठोस पहल की आवश्यकता है। कार्यक्रम में कामिनी कश्यप, दयाकृष्ण कांडपाल, हरीश लोहनी, भगवती प्रसाद पांडे, दीपक पांडे सहित अन्य गौ सेवक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


